दून पुस्तकालय एवं शोध केन्द्र करेगा उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन और उत्तराखंड आंदोलन की घटनाओं पर केंद्रित प्रदर्शनी का आयोजन

दून पुस्तकालय एवं शोध केन्द्र करेगा उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन और उत्तराखंड आंदोलन की घटनाओं पर केंद्रित प्रदर्शनी का आयोजन
Spread the love

 

दून पुस्तकालय एवं शोध केन्द्र की ओर से उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन और उत्तराखंड आंदोलन की घटनाओं पर केंद्रित एक प्रदर्शनी का आयोजन किया जा रहा है। आजादी के अमृत महोत्सव की थीम को परिलक्षित करती यह प्रदर्शनी होटल इंद्रलोक की आर्ट गैलरी में लगाई जा रही है। देहरादून स्थित डॉ. द्विजेन सेन मेमोरियल कला केन्द्र का सहयोग भी इस प्रदर्शनी को मिल रहा है।
जन इतिहासकार डॉ.योगेश धस्माना के पुराने दुर्लभ क्षेत्रीय समाचार पत्रों के संग्रह से प्रलेखित की गई सामग्री तथा संगीत, सिनेमा व कला के जानकार श्री निकोलस हॉफलैण्ड परिकल्पना में लगाई गयी इस विशेष प्रदर्शनी का शुभारम्भ 9 नवम्बर ,2022 को सायं 4ः00 बजे, होटल इंद्रलोक, राजपुर रोड(सेंट्स जोसेफ एकेडमी के सामने) हो रहा है। प्रदर्शनी का शुभारम्भ पद्मश्री व साहित्य अकादमी पुरस्कार से सम्मानित श्री लीलाधर जगूड़ी द्वारा किया जाएगा। शुभारम्भ के बाद यह प्रदर्शनी आम दर्शकों के लिए 30 नवम्बर, 2022 तक होटल इन्द्रलोक में प्रतिदिन प्रातः 10ः00 से सायं 8ः00 बजे तक निःशुल्क रुप से खुली रहेगी।
इस आयोजन का प्रमुख उद्देश्य आम जन को गढ़वाल और कुमाऊं के समाचार पत्रों के माध्यम से भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन और उत्तराखंड राज्य आंदोलन की घटनाओं की जानकारी उपलब्ध कराना है। प्रदर्शनी के माध्यम से तत्कालीन समय के समाचार पत्रों की खबरों और उनके सम्पादकीय आलेखों के दुर्लभ और निर्भीक पूर्ण विचारों को प्रस्तुत करने का प्रयास किया गया है।प्रदर्शनी में लगायी गयी प्रकाशित सामग्री मुख्य रुप से अल्मोड़ा अखबार(1870),गढ़वाली(1905),पुरुषार्थ(1917),विशालकीर्ति(1913),शक्ति(1918),क्षत्रीय वीर(1920),तरुण कुमाऊं (1923) तथा अन्य समाचार पत्रों पर आधारित है।
डॉ.योगेश धस्माना के अनुसार उत्तराखण्ड में उन्नीसवीं सदी के अन्तिम दशकों से लेकर बीसवीं सदी प्रारम्भिक पांच दशकों तक जनजागरण,सामाजिक संस्थाओं के विकास से सामाजिक चेतना और 1930 से 1949 तक टिहरी रियासत के भारतीय गणराज्य में विलय तक राजनीतिक चेतना और घटनाओं पर प्रलेखित सामग्री का परिदृश्य इस प्रदर्शनी में उपलब्ध है।
स्थानीय नायकों ने जिस तरह कुली बेगार के उन्मूलन और वन अधिकारों की प्राप्ति के लिए असहयोग आन्दोलन किया उसकी सफलता ने उस दौर में उत्तराखण्ड को राष्ट्र की मुख्य धारा में जोड़ने का कार्य किया। आगे चलकर समाज के वंचित व निम्न वर्ग ने भी अपनी सामाजिक, आर्थिक समस्याओं को मुखर करने और उनके समाधान पाने के लिए स्वाधीनता आंदोलन के मंच को चुना। इस तरह के कुछ विशेष प्रसंगों की झलक भी इस प्रदर्शनी में प्रस्तुत करने का प्रयास किया गया है। यह प्रदर्शनी उन अनेक भूली-बिसरी महिलाओं और महापुरुषों को भी जानने का अवसर देती है, जिन्होंने देश प्रेम के खातिर औपनिवेशिक प्रशासन के खिलाफ आवाज उठाकर अपनी जान की बाजी तक लगानी पड़ी।
यह प्रदर्शनी जागरुक दर्शकों के लिए गहन आत्मनिर्णय की अभिव्यक्ति के तौर पर उत्तराखंड राज्य के निर्माण की रुपरेखा व उसकी ऐतिहासिक वृत्त को भी उजागर करती है। उत्तराखण्ड राज्य की अवधारणा का सूत्रपात एक तरह से स्वतंत्रता प्राप्ति के बाद के वर्षों से देखने को मिलता है। उत्तराखंड क्रांति दल समेत अन्य सामाजिक,राजनैतिक संगठनों तथा नागरिकों की पहल से उपजे जनआन्दोलन के विविध घटना क्रमों को उससमय के समाचार पत्रों ने किस तरह स्थान दिया उसकी झलक भी इस प्रदर्शनी में देखने को मिल सकती है।
दून पुस्तकालय एवं शोध केन्द्र की ओर से आयोजित इस प्रदर्शनी की कुछ सामग्री इतिहासकार प्रो. शेखर पाठक, वरिष्ठ पत्रकार श्री जितेंद्र अंथवाल और श्री शंकर सिंह भाटिया के सौजन्य से प्राप्त की गयी है। जिसके लिए हम उनके आभारी हैं। प्रदर्शनी की सम्पूर्ण रुपरेखा श्री सुरजीत किशोर दास, पूर्व मुख्य सचिव,उत्तराखण्ड शासन द्वारा बनाई गयी है। दून पुस्तकालय एवं शोध केन्द्र के सलाहकार प्रो.बी.के.जोशी व निदेशक श्री एन.रवि शंकर का समुचित मार्गदर्शन सहयोग इस प्रदर्शनी को प्राप्त हो रहा है।

.

Mankhi Ki Kalam se

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *