डिवीज़न इंश्योरेंस एंप्लॉईज यूनियन ने विभिन्न मांगो को लेकर किया बैठक का आयोजन इन मुद्दों को उठाया
देहरादून डिवीज़न इंश्योरेंस एंप्लॉईज यूनियन द्वारा आज एल आई सी के मंडल मुख्यालय पर भोजन अवकाश में एक गेट मीटिंग का आयोजन किया गया। एल आई सी क्लास वन ऑफिसर फेडरेशन और एल आई सी कर्मचारी फेडरेशन के साथ संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस सभा में मंडल मुख्यालय के अधिकारियों और कर्मचारियों ने बढ़चढ़ कर सहभागिता की। क्लास वन ऑफिसर फेडरेशन के सचिव नवीन धमांदा ने कहा कि फैमिली पेंशन में 30% अपडेशन की मांग अभी अधूरी है। बढ़ती महंगाई और सेवानिवृत्त कर्मचारियों की जरूरतों को देखते हुए प्रबंधन को इस मांग पर तत्काल कार्यवाही करनी चाहिए। डीडीआईईयू के महासचिव नंदलाल शर्मा ने कहा की एनपीएस में नियोक्ता द्वारा 14% योगदान सुनिश्चित करने की मांग उनके संगठन द्वारा लगातार की जा रही है और आज की इस सभा में भी कर्मचारी इस मांग को पुरजोर रूप से दोहरा रहे हैं। संगठन के अध्यक्ष प्रमोद गोयल ने अवकाश और अन्य विषयों पर आवश्यक सुधार करने के लिए प्रबंधन से मांग की। गेट मीटिंग में पूर्व कर्मचारी नेता चंद्रप्रकाश नैथानी, अनूप डोभाल, दीप जोशी, विवेक मेहरा, मंजूषा मतिमान, गीता जोशी, तन्मय आदि उपस्थित थे। सभा के समापन पर कर्मचारियों और अधिकारियों ने सामूहिक नारेबाजी की। सभा का संचालन सतीश शाह ने किया।