लद्दाख दुर्घटना में जवानों के शहीद होने पर पूरा देश गमगीन, राष्ट्रपति कोविन्द, पीएम मोदी सहित अन्य ने जताया दुख

लद्दाख के तुरतुक सेक्टर में शुक्रवार को बड़ा हादसा हुआ। श्योक नदी में 26 जवानों को लेकर जा रहे एक वाहन के गिरने से भारतीय सेना के सात जवान शहीद हो गए हैं। दुर्घटना में 19 अन्य लोगों को गंभीर चोटें आईं हैं। एक अधिकारी ने बताया कि घायलों को सर्वोत्तम चिकित्सा सुविधा प्रदान की जा रही है। इस बड़ी घटना पर राष्ट्रपति राम नाथ कोविन्द, प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी और कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने सहित कई लोगों ने दुख व्यक्त किया है। इसके साथ ही उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।
राष्ट्रपति राम नाथ कोविन्द ने शोक व्यक्त किया
राष्ट्रपति राम नाथ कोविन्द ने कहा कि यह जानकर दुख हुआ कि लद्दाख में एक दुर्भाग्यपूर्ण सड़क दुर्घटना ने हमारे कुछ बहादुर सैनिकों की जान ले ली है। मृतकों के परिवारों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदना है। मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।
पीएम मोदी ने जताया दुख
लद्दाख में हुई बड़ी दुर्घटना पर पीएम मोदी ने दुख व्यक्त करते हुए कहा, ‘लद्दाख में हुए बस हादसे से आहत हूं, जिसमें हमने अपने वीर सेना के जवानों को खो दिया है। मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं। मुझे उम्मीद है कि जो घायल हुए हैं वे जल्द से जल्द ठीक हो जाएं। प्रभावितों की हर संभव मदद की जा रही है।’
रक्षा मंत्री राज नाथ सिंह ने कहा
रक्षा मंत्री राज नाथ सिंह ने कहा कि लद्दाख में एक बस त्रासदी के कारण हमारे बहादुर भारतीय सेना के जवानों की जान जाने से गहरा दुख हुआ। हम अपने देश के लिए उनकी अनुकरणीय सेवा को कभी नहीं भूलेंगे। शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी संवेदनाएं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं। सेनाध्यक्ष जनरल मनोज पांडे से बात की, जिन्होंने मुझे स्थिति से अवगत कराया और घायल सैनिकों की जान बचाने के लिए सेना द्वारा उठाए गए कदमों से अवगत कराया। सेना घायल जवानों की हर संभव मदद कर रही है।